मुख्यमंत्री आवास पर आयुष मंत्री ने की जन सुनवाई

0

लखनऊ, 31 अगस्त (हि.स.)। आयुष मंत्री डा.धर्म सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री आवास पर शुक्रवार की सुबह प्रदेश के कोने- कोने से आए लोगों की शिकायतों एवं समस्याओं को सुना। जन सुनवाई के दौरान जनता के द्वारा दिए गए पत्रों को मंत्री ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भिजवाया है।
मुख्यमंत्री आवास पर होने वाली जन सुनवाई में आज आयुष मंत्री डा.धर्म सिंह सैनी मौजूद रहे। आयुष मंत्री ने प्रत्येक व्यक्ति से उसकी समस्याओं को सुना और उनसे वि​स्तृत चर्चा की। गोरखपुर और बलरामपुर से आई महिलाओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान न मिलने की शिकायत की,​ जिस पर मंत्री ने उनके परिवार के लोगों की संख्या की जानकारी की। महिलाओं से उनकी आर्थिक स्थिति को जाना और उनके दिए पत्रों को जिलाधिकारियों को आदेशित कर दिया।
पश्चिम उत्तर प्रदेश से चार वर्ष पुराने दुष्कर्म के मामले में अपनी शिकायत लेकर एक पीड़िता भी मुख्यमंत्री आवास पहुंची। वह अपने पिता के साथ आई थी और मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात कहने की जिद करने लगी। जब आयुष मंत्री सैनी ने उससे वार्ता की। उसके प्रार्थना पत्र पर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को तत्काल कार्यवाही के लिए लिखा। मंत्री ने दुष्कर्म पीड़िता को न्याय दिलाने की बात की और उसके पिता को पुलिस महानिदेशक से मिलकर अपनी बात कहने को कहा।
आयुष मंत्री डा.धर्म सिंह सैनी ने कुछ मामलों में सम्बन्धित अधिकारियों से वार्ता भी की। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास के उप सचिव, आयुष मंत्री के निजी सचिव समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *