चन्द्रयान दो मिशन अगले साल जनवरी में होगा लांच, चांद के ध्रुव पर उतरेगा

0

नई दिल्ली, 28 अगस्त (हि.स.)। भारत अगले साल जनवरी में चन्द्रयान दो मिशन को जीएसएलवी मार्क 3 के जरिए चांद की सतह पर उतारने के लिये भेजेगा। यह यान चाँद के दक्षिण ध्रुव पर उतरेगा, जहां काफी मात्रा में पानी होने के प्रमाण मिले हैं।
केन्द्रीय अंतरिक्ष विभाग में राज्यमंत्री डॉ जितेन्द्र सिंह ने कहा कि भले ही चार दशक पहले मानव चन्द्रमा पर उतर गया हो लेकिन यह भारत का चन्द्रयान मिशन ही था जिसने दुनिया को बताया की चांद की सतह पर पानी है। उन्होंने कहा कि भारत ने भले ही अंतरिक्ष कार्यक्रम देर से शुरु किया है लेकिन वह किसी से पीछे नहीं है।
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के प्रमुख के. सिवन ने दिल्ली में एक प्रेसवार्ता में बताया कि इसरो की योजना अगले साल 3 जनवरी को चन्द्रयान-2 मिशन भेजने की है लेकिन अगर कोई बदलाव होता है तो भी हम 16 फरवरी तक कार्यक्रम को लांच करेंगे। यह चन्द्रयान 40 दिन के बाद चन्द्रमा पर पहुंचेगा और धीरे- धीरे चंद्रमा के आस-पास घूमता हुआ दक्षिणी ध्रुव पर उतरेगा।
उन्होंने कहा कि चन्द्रयान-2 मिशन में थोड़ी देरी हुई है । यह अब तक का सबसे जटिल मिशन है और इसको सफल बनाने के लिए कुछ बदलाव किए गए हैं, जिसमें उतरने की रणनीति में बदलाव भी शामिल है। उन्होंने बताया कि 3.8 टन वजनी यान को जीएसएलवी मार्क-3 से लांच करेंगे। इसके अलावा उन्होंने बताया कि अप्रैल 2015 से लेकर अब तक इसरो 46 मिशन पूरे कर चुका है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *