अनिल अंबानी ने कांग्रेस को भेजा नोटिस, जुबान संभाल कर बोलने की दी नसीहत

0

नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। प्रमुख उद्योगपति अनिल अंबानी ने कांग्रेस को लीगल नोटिस भेजकर उनके नेताओं को जुबान संभाल कर बोलने की नसीहत दी है। नोटिस में अंबानी ने कांग्रेस प्रवक्ता जयवीर शेरगिल को कहा है कि वे वही बातें बोलें जिसका उनके पास सबूत हो, नहीं तो इसका हर्जाना भुगतना पड़ सकता है।
नोटिस में लिखा है कि कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला, अशोक चव्हाण, संजय निरुपम, अभिषेक मनु सिंघवी और अन्य नेता गलत तथ्यों के साथ उन पर और उनके ग्रुप पर लांछन लगा रहे हैं। अंबानी ने कहा कि सभी नेताओं के पास राइट टू फ्रीडम जरूर है, लेकिन वह जिम्मेदारी के साथ ही बोलें और तथ्यों पर बोलें। ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस पार्टी मेरे संस्थान के खिलाफ एक कैंपेन चला रही है।
इससे पहले अंबानी ने फ्रांस के साथ राफेल लड़ाकू विमानों के सौदे पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को एक पत्र लिखकर अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब दिया है। अंबानी ने अपने पत्र में कहा था कि कुछ निहित स्वार्थी तत्वों और कारपोरेट प्रतिद्वंद्वियों ने कांग्रेस को गलत जानकारी देकर गुमराह करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि गलत जानकारी को फैलाया जा रहा है जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है। राफेल लड़ाकू विमान का निर्माण रिलायंस या दसा रिलायंस के संयुक्त उद्यम द्वारा नहीं किया जा रहा बल्कि सभी 36 विमानों का 100 फीसदी निर्माण फ्रांस में किया जाएगा। उसके बाद फ्रांस से उनका भारत को निर्यात किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी राफेल मुद्दे पर लगातार केंद्र की मोदी सरकार को घेर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष का आरोप है कि मौजूदा सरकार राफेल विमानों के लिए संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में तय कीमत से कहीं ज्यादा कीमत चुका रही हैं। उनका कहना है कि मोदी सरकार ने इस डील में बदलाव सिर्फ एक उद्योगपति को फायदा पहुंचाने के लिए किया है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *