अब दो से ज्यादा बच्चे पैदा करना हो सकता है अपराध! 125 सांसदों ने तैयार किया ड्राफ्ट

0

नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। अब भारत में दो से ज्यादा बच्चे पैदा करना अपराध हो सकता है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समेत तेलुगुदेशम पार्टी (टीडीपी), शिवसेना और कुछ अन्य दलों के सांसदों ने राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर जनसंख्या नियंत्रण पर सख्त कानून बनाने की मांग की है। इसके लिए इन सांसदों ने एक ड्राफ्ट भी तैयार किया है, जो राष्ट्रपति को सौंप दिया गया है।
इन 125 सांसदों में भाजपा सांसद संजीव बालियान, उदय प्रताप सिंह, लक्ष्मण यादव, मीनाक्षी लेखी, शिवसेना के अरविंद सावंत, टीडीपी के रामबाबू नायडू और जयदेव गल्ला, सुरेश अंगड़ी, आनंदराव अड़सूल, किरीट सोलंकी, निशिकांत दुबे, भोला सिंह समेत 125 सांसदों ने एक साथ हस्ताक्षर कर जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग की। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी जनसंख्या नियंत्रण कानून की मांग की है।
इस संबंध में संजीव बालियान ने कहा कि देश में अब आबादी विस्फोटक स्थिति में आ चुकी है। तत्काल सरकार को जनसंख्या नियंत्रण कानून लाना चाहिए। यह दल से ऊपर का मामला है। सभी दलों को इसके साथ आना चाहिए। हम सभी 125 सांसदों ने एक ड्राफ्ट तैयार कर राष्ट्रपति को सौंपा है कि जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाया जाए। जो लोग इस कानून का उल्लंघन करें, उन पर सज़ा और जुर्माने का प्रावधान किया जाए। संसद में हम लोग रोज़ इस मुद्दे को उठा रहे हैं।
इस मुहिम को मध्य प्रदेश के होशंगाबाद से भाजपा सांसद उदय प्रताप सिंह लीड कर रहे हैं। उदय प्रताप ने कहा है कि सख्त नियमों के साथ जनसंख्या नियंत्रण कानून आना चाहिए। शिवसेना, टीडीपी, भाजपा और अन्य दलों के सांसद हमारे साथ हैं।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *