नौ राज्यों में बाढ़ ने ली अब तक 791 लोगों की जान, असम में 11.45 लाख लोग प्रभावित

0

नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। गृह मंत्रालय ने बताया कि 9 राज्यों में बाढ़ और बारिश से इस मानसून में अब तक 791 लोगों की मौत हो चुकी है। राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया केंद्र (एनईआरसी) के अनुसार उत्तर प्रदेश में 171, पश्चिम बंगाल में 170, केरल में 178 और महाराष्ट्र में अब तक 139 लोगों की मौत हुई है। गुजरात में 52, असम में 44 और नगालैंड में 8 लोगों की मौत हुई है। केरल में 29 लोगों की मृत्यु हुई है।
इसके अलावा 26 लोग लापता हैं। इनमें से 6 पश्चिम बंगाल के हैं। बारिश से जुड़ी घटनाओं में 244 लोग घायल हुए हैं। असम में 11.45 लाख लोग बारिश और बाढ़ की वजह से प्रभावित हुए हैं। 27 हजार 552 हेक्टेयर खेतों में लगी फसल पर भी इसका असर पड़ा है।
उल्लेखनीय है कि केरल में अब भी बारिश और भूस्खलन का का कहर जारी है। केरल के आधे से ज्यादा हिस्से में भीषण बाढ़ के कारण बांध, जलाशय और नदियां लबालब भरी हुई हैं। कई जगहों पर राजमार्ग ध्वस्त हो गए हैं। अनेक घर पानी में बह गए हैं। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण करीब 54,000 लोग बेघर हो गए हैं और कम से कम 29 लोगों की मौत हुई है।
बाढ़ से अत्यधिक प्रभावित राज्य के कुल 14 जिलों में से 7 उत्तरी जिलों में थलसेना की 5 टुकड़ियां तैनात की गई हैं ताकि लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाने और अस्थायी पुलों के निर्माण में मदद मिले। पेरियार नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद भारतीय नौसेना की दक्षिणी कमान को अलर्ट पर रखा गया है। आशंका है कि कोच्चि स्थित वेलिंगडन द्वीप के कुछ हिस्से पूरी तरह जलमग्न हो सकते हैं।
उत्तर प्रदेश में भी बारिश से कई घर गिरे हैं। वहां पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त है। पश्चिम बंगाल के भी कई इलाकों में बारिश ने कहर ढाया है। वहां अब तक 170 लोगों की मौत हो चुकी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *